नई दिल्ली: जो कभी सिर्फ पुरबियों का त्योहार माना जाता था, अब छठ महापर्व एक विशाल रूप ले चुका है। दिल्ली एनसीआर के साथ-साथ मुंबई, चेन्नई, बेंगलुरु, हैदराबाद, कोलकाता जैसे बड़े शहरों में भी छठ पूजा धूमधाम से मनाई जा रही है। इसके अलावा, विदेशों में भी पुरबिया समुदाय छठी मैया की पूजा-अर्चना कर रहा है। इस पर्व के बढ़ते प्रभाव का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि इस साल छठ पूजा में करीब 15 करोड़ से अधिक लोग शामिल हुए हैं। इसके साथ ही इस अवसर पर करीब 12,000 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ है।
आज है पहला अर्घ्य
यूं तो इस साल छठ पूजा की शुरुआत 5 नवंबर 2024 को नहाय-खाय से शुरू हो गई है। लेकिन अभी तक यह पूजा घरों में ही हो रही थी। आज व्रती और उसके परिजन घर से बाहर किसी नदी या तालाब-पोखर के किनारे ढलते सूरज को अर्घ्य देंगे। तब दुनिया इस पर्व को मनते हुए देखेगी। इसके बाद कल सुबह उगते सूरज को अर्घ्य दिया जाएगा। इसके बाद यह पूजा संपन्न हो जाएगी। चार दिवसीय छठ पूजा महोत्सव के दौरान बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश के अलावा देश के अन्य राज्यों में बसे पूर्वांचल के लोग बेहद उत्साहित होते हैं। एक अनुमान के अनुसार इस साल देश भर में लगभग 15 करोड़ से अधिक लोग छठ पूजा में शामिल हो रहे हैं।
12,000 करोड़ रुपये का कारोबार
कंफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) ने छठ पूजा की बिक्री पर आंकड़े जारी किया है। देश के करीब सात करोड़ रिटेलरों का प्रतिनिधित्व करने का दावा करने वाले इस संगठन ने कहा है कि छठ पूजा के दौरान देश भर में लगभग 12 हज़ार करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार हुआ है। उल्लेखनीय है कि छठ पूजा भारत की लोक संस्कृति का सबसे बड़ा त्यौहार माना जाता है।
दिल्ली के कई इलाकों में छठ का बाजार दिल्ली के अधिकांश क्षेत्रों में बड़ी संख्या में पूर्वांचली लोग बसे हुए हैं, जिसके कारण शहर के सैकड़ों स्थानों पर छठ पूजा बड़े धूमधाम से की जाती है। दिल्ली के चांदनी चौक, सदर बाजार, मॉडल टाउन, अशोक विहार, आदर्श नगर, आज़ादपुर, शालीमार बाग, पीतमपुरा, रानी बाग, पश्चिम विहार, उत्तम नगर, तिलक नगर, कालकाजी, ग्रेटर कैलाश, प्रीत विहार, शाहदरा, लोनी रोड, लक्ष्मी नगर, विकास मार्ग, यमुना विहार, आनंद विहार जैसे इलाकों के बाजारों में छठ पूजा से संबंधित सामान की बिक्री जोरों पर है। इन क्षेत्रों में आज भी लोग छठ पूजा के सामान खरीदने के लिए बाजारों में उमड़ते दिख रहे हैं।
क्या खरीद रहे हैं लोग
छठ पूजा में इस्तेमाल होने वाली सामग्री, जैसे बांस की सूप-दउरी, केले के पत्ते, गन्ना, मिठाई, फल और विशेष रूप से नारियल, सेब, केला और हरी सब्जियाँ प्रमुख रूप से खरीदी जाती हैं। इस पर्व पर महिलाओं के पारंपरिक परिधानों, जैसे साड़ी, लहंगा-चुन्नी, सलवार कुर्ता और पुरुषों के लिए कुर्ता-पायजामा, धोती आदि की भी बड़ी खरीदारी हो रही है। इस कारण से स्थानीय व्यापारियों को लाभ हुआ है और लघु एवं कुटीर उद्योग को भी समर्थन मिला है। साथ ही घरों में छोटे पैमाने पर तैयार किए गए सामान की भी बड़ी बिक्री हो रही है।
हर सूप में यह सामान
छठ पर्व में बांस से बने सूप का विशेष महात्म्य है। हर सूप में गन्ना, नारियल, टाभा, अनानास, मूली, नींबू, सेब, केला और ठेकुआ जरूर होता है। कुछ लोग इसमें हल्दी का पौधा, सुथनी आदि भी रखते हैं। साथ ही हर सूप पर फूल, पान, सुपारी, सूखे मेवे और गले में पहनने वाली बद्धी भी होती है।
“Chhath 2024: बाजारों में उमड़ी रौनक, 12,000 करोड़ रुपये का कारोबार!”